न्यूज़ आई एन
पिथौरागढ़। कुमाऊं मंडल विकास निगम की आदि कैलाश और ओम पर्वत दर्शन यात्रा 13 मई से शुरू होगी, जो 30 जून तक चलेगी। कुमाऊं मंडल विकास निगम के प्रबंधक दिनेश गुरूरानी ने आज यात्रा को लेकर न्यूज आई एन को जानकारी दी। उन्होंने बताया कि निगम इस बार काठगोदाम से काठगोदाम और टनकपुर से टनकपुर दोनों क्षेत्रों से यात्रा का संचालन करेगा। उन्होंने बताया इस बार 18 दल यात्रा करेंगे, प्रत्येक दल में 35 से 40 यात्री होंगे। अभी तक 350 यात्री इस यात्रा के लिए अपना पंजीकरण करा चुके हैं। काठगोदाम से आने वाले दल को कैंची धाम, चितई मंदिर जागेश्वर धाम के दर्शन करा कर पिथौरागढ़ में रात्रि विश्राम कराया जाएगा, अगले दिन यात्री धारचूला होते हुए आदि कैलाश और ओम पर्वत के दर्शनों के लिए जाएंगे। वापसी में दल को डीडीहाट, चौकोड़ी पाताल भुवनेश्वर से वापस काठगोदाम छोड़ा जाएगा। उन्होंने बताया कि यात्रा के लिए इस बार ₹40,000 का शुल्क रखा गया है। इसमें निगम के आवास गृहों में विश्राम, भोजन और वाहनों से लाना ले जाना आदि की व्यवस्था है। उन्होंने उम्मीद जताई है प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आदि कैलाश दर्शन के बाद इस बार रिकार्ड संख्या में यात्री दर्शनों के लिए पहुंचेंगे। निगम ने सभी तैयारियां पूरी कर ली है।

error: Content is protected !!