एन आई एन,

चंपावत। जिले के घाट में एक कार खाई में गिरने से दो नाबालिग युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। दुर्घटना की सूचना 112 कंट्रोल रूम को सुबह लगभग 6:50 बजे प्राप्त हुई, जिसके बाद दोनों जिलों की पुलिस मौके पर पहुंची।

प्राप्त जानकारी के अनुसार एक हुंडई कार देर रात करीब 1:00 से 1:30 बजे के बीच पुरानी घाट चौकी के पास चंपावत जिले में गहरी खाई में गिर गई थी। कार में 16 और 17 साल के  दो नाबालिग सवार थे, जो घाट से चंपावत की ओर जा रहे थे।

घटना की सूचना मिलने पर घाट चौकी का पुलिस बल मौके पर पहुंचा। दुर्गम स्थान और रास्ता न होने के कारण पुलिस टीम को घायलों तक पहुंचने और उन्हें बाहर निकालने में काफी मशक्कत करनी पड़ी। करीब दो घंटे की कड़ी मेहनत के बाद दोनों घायलों को खाई से निकालकर मुख्य सड़क तक लाया गया और इसके बाद उन्हें उपचार के लिए उप जिला अस्पताल लोहाघाट भेजा गया।

बताया जा रहा है कि एक घायल की हालत स्थिर है, जबकि दूसरे की स्थिति गंभीर बनी हुई है।

रेस्क्यू अभियान में बाराकोट चौकी से उपनिरीक्षक हरीश प्रसाद अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। वहीं बाराकोट चौकी के प्रभारी प्रकाश कठायत, पिथौरागढ़ घाट चौकी के हेड कांस्टेबल मनमोहन सिंह, कांस्टेबल उमेश चंद्र सती समेत अन्य पुलिस कर्मियों ने दुर्गम रास्ते के बावजूद घायलों को सुरक्षित बाहर निकाला।

पुलिस यह भी जांच कर रही है कि दोनों नाबालिग देर रात कहां से आ रहे थे और कहां जा रहे थे। दुर्घटना के कारणों की जांच जारी है।



Share on Facebook Share on WhatsApp