एन आई एन
पिथौरागढ़ में उत्तराखंड के गांधी कहे जाने वाले स्वर्गीय इंद्रमणि बडोनी की जयंती लोक संस्कृति दिवस के रूप में मनाई गई। एसडीएस राजकीय इंटर कॉलेज में प्रभारी प्रधानाचार्य हरिमोहन पांडे, नवीन चंद्र जोशी, मनीषा वर्मा ने दीप प्रज्वलन कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। प्रवक्ता नवीन चंद्र जोशी ने इंद्रमणि बडोनी के जीवन पर विस्तार से प्रकाश डालते हुए विद्यार्थियों से उनके विचारों, संघर्ष और सांस्कृतिक चेतना से प्रेरणा लेने का आह्वान किया। छात्र-छात्राओं ने लोकगीत लोक वाद्य यंत्रों की शानदार प्रस्तुतियां दी। इस अवसर पर पारंपरिक व्यंजनों के स्टाल भी लगाये गये।
कार्यक्रम का संचालन अमन कुमार ने किया। एशियन एकेडमी स्कूल में लोक संस्कृति दिवस पर विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। विद्यालय के संस्थापक महामंडलेश्वर स्वामी डॉ. वीरेंद्रानंद महाराज ने कार्यक्रम का शुभारंभ किया। उन्होंने स्वर्गीय इंद्रमणि बडोनी के जीवन पर विस्तार से प्रकाश डाला और विद्यार्थियों से उनसे प्रेरणा लेने का आह्वान किया। विशिष्ट अतिथि एआरटीओ शिवांश कांडपाल ने इंद्रमणि बडोनी के चित्र पर माल्यार्पण कर श्रद्धांसुमन अर्पित किये। इस अवसर पर विद्यालय में यूथ पार्लियामेंट का आयोजन किया गया। जिसमें विद्यार्थियों ने लोकतांत्रिक परंपराओं पर अपनी प्रस्तुति दी। आदर्श विद्यालय गंगोत्री गर्ब्याल राजकीय बालिका इंटर कॉलेज में भी लोक संस्कृति दिवस धूमधाम से मनाया गया। मुख्य अतिथि पार्षद अनिल जोशी ने दीप प्रज्जवलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। इस अवसर पर विद्यार्थियों के बीच लोक नृत्य, लोकगीत, ऐंपण, आदि विभिन्न प्रतियोगिताएं कराई गई। लोक कलाकार हिमांशु ने हुड़का वादन, अक्षय कुमार ने ढोल दमौ वादन, तनिष्क खोलिया ने छलिया नृत्य प्रस्तुत कर आयोजन में चार-चांद लगाये।