एन आई एन,
पिथौरागढ़। साइबर ठगी की रकम इधर-उधर स्थानांतरित करने वाले म्यूल अकाउंट गैंग के एक और सदस्य को बेरीनाग पुलिस ने गिरफ्तार किया है। इस मामले में अब तक पांच आरोपी गिरफ्तार हो चुके हैं। जांच में करोड़ों रुपये की संदिग्ध लेनदेन का खुलासा हुआ है।
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी अमनदीप निवासी सिमाली, बेरीनाग, हाल निवासी जवाहर ज्योति दमुवाढूंगा, हल्द्वानी को भैंसियाछाना क्षेत्र से पकड़ा गया। साइबर सेल और बेरीनाग पुलिस ने एनसीआरपी पोर्टल पर मिली शिकायतों की जांच के दौरान ऐसे बैंक खातों का पता लगाया, जिनका इस्तेमाल साइबर ठगी की रकम स्थानांतरित करने और उसके स्रोत को छिपाने में किया जा रहा था। मामले में बेरीनाग कोतवाली में बीएनएस और आईटी एक्ट की संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज है।