एन आई एन
पिथौरागढ़। कुमाऊँ आयुक्त दीपक रावत ने पिथौरागढ़ जिले के विकास खंड बिण की न्याय पंचायत दौला में शासन की महत्वाकांक्षी पहल ‘जन–जन की सरकार, जन–जन के द्वार’ अभियान का दीप प्रज्वलन कर शुभारंभ किया। कार्यक्रम में जिलाधिकारीआशीष भटगांई ने आयुक्त का स्वागत किया। आयुक्त ने शिविर में लगाए गए विभिन्न विभागीय स्टॉलों का निरीक्षण कर आमजन की समस्याएँ सुनीं और अधिकारियों को निर्देश दिए कि योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक समयबद्ध व पारदर्शी तरीके से पहुँचाया जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि यह अभियान केवल औपचारिकता नहीं, बल्कि जनसमस्याओं के स्थायी समाधान का माध्यम है।
अभियान 17 दिसंबर से 45 दिनों तक जनपद की सभी 64 न्याय पंचायतों में संचालित किया जाएगा, जहाँ एक ही मंच से विभिन्न विभागों की सेवाएँ उपलब्ध कराई जाएँगी। इस दौरान लाभार्थियों को चेक भी वितरित किए गए। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों ने अभियान को जनता के लिए लाभकारी बताया और आमजन से अधिक से अधिक सहभागिता करने की अपील की। कार्यक्रम में दर्जा मंत्री गणेश भंडारी, एसपी रेखा यादव, जिला पंचायत अध्यक्ष जितेंद्र प्रसाद, भाजपा जिलाध्यक्ष गिरीश जोशी, मेंयर कल्पना देवलाल, बिण ब्लॉक प्रमुख लक्ष्मी गोस्वामी, अपर जिलाधिकारी योगेंद्र सिंह आदि मौजूद रहे।