पिथौरागढ़ जिले के विकासखंड मुनस्यारी की ग्राम पंचायत रालम में जंगली भालुओं के बढ़ते आतंक से ग्रामीणों में भय बना हुआ है। ग्राम प्रधान श्रीमती शांति देवी ने जिलाधिकारी पिथौरागढ़ को पत्र भेजकर ग्राम जुगा क्षेत्र में भालुओं द्वारा किए गए भारी नुकसान की जानकारी देते हुए त्वरित कार्रवाई की मांग की है।
प्रधान के अनुसार भालुओं ने खाली पड़े मकानों की छतें, दरवाजे व खिड़कियां तोड़ दी हैं तथा घरों में रखा खाद्यान्न व घरेलू सामान नष्ट कर दिया है। क्षेत्र माइग्रेशन ग्राम होने के कारण ग्रामीण वर्ष के कुछ माह बाहर रहते हैं, जिसका फायदा भालू उठा रहे हैं।
प्रधान ने प्रभावित परिवारों को मुआवजा दिलाने और वन विभाग के माध्यम से भालू आतंक से राहत दिलाने की मांग की है। मामले की सूचना वन विभाग एवं रेंज कार्यालय मुनस्यारी को भी दी गई है।