11-Nov-2025

कार्यकर्ताओं में खुशी की लहर

एन आई एन

पिथौरागढ़।पूर्व छात्र संघ अध्यक्ष और कांग्रेस के पूर्व जिला अध्यक्ष रहे मुकेश पंत को एक बार फिर कांग्रेस पार्टी ने जिला अध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी है। मृदुभाषी स्वभाव और जन सरोकारों से गहरा जुड़ाव रखने वाले मुकेश पंत क्षेत्र में युवाओं के बीच अपनी अलग पहचान रखते हैं।

कांग्रेस संगठन ने देर शाम जिला अध्यक्षों की नई सूची जारी की, जिसमें मुकेश पंत का नाम फिर से पिथौरागढ़ जिले के अध्यक्ष के रूप में घोषित किया गया है। पूर्व में प्रदेश अध्यक्ष रहे गणेश गोदियाल को दोबारा प्रदेश अध्यक्ष की जिम्मेदारी दी गई है।

जिला अध्यक्ष के रूप में पुनः जिम्मेदारी मिलने के बाद मुकेश पंत के समर्थकों और कार्यकर्ताओं में खुशी की लहर दौड़ गई है। कई जगहों पर मिठाई बांटकर और सोशल मीडिया पर बधाई संदेशों की बाढ़ देखी जा रही है।

संगठन की दृष्टि से यह नियुक्ति उस समय हुई है जब कांग्रेस प्रदेश में बैकफुट पर नजर आ रही है। 

 ऐसे में 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले पार्टी की ताकत को फिर से संगठित करने की बड़ी चुनौती मुकेश पंत के सामने होगी। इसके साथ ही आगामी पंचायत उपचुनावों में कांग्रेस प्रत्याशियों को जीत दिलाना भी उनके लिए कठिन तपस्या साबित हो सकता है।

मुकेश ने कहा कि वे संगठन को मजबूत करने और कार्यकर्ताओं के मनोबल को ऊंचा रखने के लिए पूरी निष्ठा से काम करेंगे, ताकि आने वाले चुनावों में कांग्रेस एक बार फिर मजबूती से वापसी कर सके।



Share on Facebook Share on WhatsApp