एन आई एन,
पिथौरागढ़। सरकारी विभाग के निलंबित कर्मचारी पर एक युवती ने अभद्रता, गाली गलौज करने का आरोप लगाया है। बताया जा रहा है कि युवती किसी कार्य से कार्यालय पहुंची थी। इसी दौरान कर्मचारी द्वारा अभद्र व्यवहार किए जाने का आरोप लगाते हुए उसने 112 पर सूचना दी।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और कर्मचारी को अपने साथ कोतवाली ले गई। इसके बाद उसका मेडिकल परीक्षण कराया गया, जिसमें शराब सेवन की पुष्टि हुई। पुलिस ने शांति व्यवस्था भंग होने की आशंका के तहत उसे बीएनएसएस की धारा 172 के तहत गिरफ्तार कर लिया। युवती की ओर से मामले में कोई लिखित तहरीर पुलिस को नहीं दी गई थी। कोतवाल ललित मोहन जोशी ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। तहरीर मिलने पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।