10-Nov-2025

पिथौरागढ़ ज़िले में राज्य स्थापना की 25वीं वर्षगांठ आज उल्लास के साथ मनाई गई। मुख्य कार्यक्रम रामलीला मैदान में हुआ। कार्यक्रम का शुभारंभ राज्य जनजाति सलाहकार परिषद के उपाध्यक्ष अशोक सिंह नबियाल, जिला अधिकारी आशीष कुमार भटगाई, भाजपा नेता वीरेंद्र सिंह वल्दिया, ब्लॉक प्रमुख कनालीछीना महिमन कन्याल ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया । जिला अधिकारी ने मुख्य अतिथि को पौधा भेंट किया। रं समुदाय के लोगों ने जिला अधिकारी को पारंपरिक पगड़ी पहनाकर सम्मानित किया। सांस्कृतिक दलों ने रंगारंग प्रस्तुतियां दी। जिला अधिकारी ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्र-छात्राओं को पुरस्कार दिया और स्वयं सहायता समूह को चेक वितरित किये। मुख्य अतिथि अशोक सिंह नबियाल ने कहा कि आंदोलनकारियों के त्याग और बलिदान से राज्य का गठन हुआ है सभी को मिलकर राज्य को आगे बढ़ना होगा। जिलाधिकारी ने सभी को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री के नेतृत्व में उत्तराखंड नई ऊंचाइयों को छू रहा है। 

आने वाले वर्षों में राज्य प्रगति की नई दिशायें तय करेगा। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संदेश के मुख्य बिंदुओं पर प्रकाश डालते हुए इन्हें आत्मसात करने की अपील की। कार्यक्रम के दौरान राष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ियों, क्रॉस कंट्री दौड़ के विजेताओं को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में मुख्य विकास अधिकारी डॉ. दीपक सैनी, अपर जिला अधिकारी योगेंद्र सिंह सहित तमाम अधिकारी और जनप्रतिनिधि मौजूद रहे। कार्यक्रम का संचालन महाप्रबंधक उद्योग विभाग कविता भगत और शिक्षक करन थापा ने संयुक्त रूप से किया।



Share on Facebook Share on WhatsApp