पिथौरागढ़ नगर से लगे नेड़ा बस्ते गांव में आज 12.30 बजे खेतों की जुताई के दौरान ट्रैक्टर की चपेट में आने से एक मजदूर का हाथ कट गया। उसके शरीर पर गंभीर चोट आई है। मजदूर को जिला अस्पताल में भर्ती करा दिया गया है। प्रभारी निरीक्षक कोतवाली मदन सिंह बिष्ट ने बताया कि नेपाल के बजांग जिले के वार्ड संख्या 6 बिथ्थड़ गांव का रहने वाला 48 वर्षीय लाल सिंह, नेड़ा बस्ते में ट्रैक्टर से खेतों की जुताई का काम करता था, आज सुबह वह एक खेत में जुताई कर रहा था इसी दौरान ट्रैक्टर घास में फंस गया।
लाल सिंह ने जैसे ही नीचे उतर कर घास हटाई ट्रैक्टर पीछे को आ गया ट्रैक्टर में लगे यंत्र से उसका एक हाथ कट गया और उसके सीने में भी चोट आ गई। लोगों ने उसे तत्काल ज़िला अस्पताल पहुंचाया, इमरजेंसी में तैनात चिकित्सक डॉ आशु अवस्थी ने बताया कि मजदूर लाल सिंह को भर्ती कर उपचार दिया जा रहा है। मजदूर की हालत गंभीर बनी हुई है।