एन आई एन पिथौरागढ़। हीरा देवी भट्ट विवेकानंद विद्या मंदिर इंटर कॉलेज मुंसियारी में गुरुवार को सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। समारोह में अखिल भारतीय बॉक्सिंग प्रतियोगिता में स्वर्ण पदक जीतने वाले तरुण सिंह और रजत पदक जीतने वाले अजय वर्मा को सम्मानित किया गया। दोनों खिलाड़ियों का चयन स्कूल गेम्स फेडरेशन ऑफ इंडिया के लिए हो गया है।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि जोहार क्लब मुनस्यारी के अध्यक्ष केदार सिंह मर्तोलिया ने दोनों खिलाड़ियों को प्रमाण पत्र और मेडल पहनाकर सम्मानित किया। विद्यालय के प्रधानाचार्य नवीन चंद्र शर्मा ने दोनों खिलाड़ियों को बधाई देते हुए आगामी प्रतियोगिता के लिए शुभकामनाएं दी। उन्होंने खिलाड़ियों की बॉक्सिंग कोच महिमा विश्वकर्मा और बबीता बसेड़ा का आभार जताया।