एन आई एन पिथौरागढ़। जनपद पिथौरागढ़ के नवागत जिलाधिकारी आशीष भटगांई ने बुधवार अपराह्न जिला कार्यालय पहुंचकर औपचारिक रूप से कार्यभार ग्रहण किया। इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी डॉ. दीपक सैनी एवं अपर जिलाधिकारी योगेन्द्र सिंह ने पुष्पगुच्छ भेंट कर डीएम का स्वागत किया। इसके बाद उन्हें पुलिस की टुकड़ी ने गार्ड ऑफ ऑनर दिया। कार्यभार ग्रहण करने के बाद भटगांई ने जिला कोषागार का निरीक्षण किया, अभिलेखों का अवलोकन किया तथा आवश्यक जानकारियां प्राप्त कीं। उन्होंने कोषागार संबंधी कार्यभार भी संभाला। जिलाधिकारी ने जिला सभागार में विभागीय अधिकारियों एवं कर्मचारियों से परिचय प्राप्त किया। इस दौरान उन्होंने जनपद की प्रशासनिक कार्यप्रणाली, प्रमुख योजनाओं एवं चल रहे विकास कार्यों की जानकारी ली। जिलाधिकारी भटगांई ने अधिकारियों को टीम भावना व पारदर्शिता के साथ कार्य करने के निर्देश दिए। उन्होंने ज़ीरो पेंडेंसी, ई-ऑफिस प्रणाली, तथा सीएम हेल्पलाइन 1905 पोर्टल पर शिकायतों के समयबद्ध निस्तारण पर विशेष बल दिया।
उन्होंने कहा कि जनपद में चिकित्सा, शिक्षा, पर्यटन और कौशल विकास जैसे क्षेत्रों को प्राथमिकता दी जाएगी। साथ ही मुख्यमंत्री घोषणाओं एवं यूसीसी रजिस्ट्रेशन पर विशेष ध्यान किया जाएगा। जिलाधिकारी ने सभी निर्माण कार्यदाई संस्थाओं को गुणवत्ता युक्त कार्य करने के निर्देश दिए और कहा कि शासन की योजनाओं का लाभ आमजन तक शीघ्र और पारदर्शी रूप से पहुंचे, यह उनकी प्राथमिकता रहेगी। इस अवसर पर विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे और नवागत जिलाधिकारी का गर्मजोशी से स्वागत करते हुए उन्हें शुभकामनाएं दीं।