एन आई एन,
पिथौरागढ़। भारत-नेपाल की साझा संस्कृति के प्रतीक 125 वर्ष पुराने जौलजीबी मेले का मंगलवार रात उपजिलाधिकारी आशीष जोशी ने समापन किया। इस दौरान विभिन्न क्षेत्रों में योगदान देने वालों को सम्मानित किया गया। नेपाली कलाकार सेरी ओझा सहित अन्य कलाकारों ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं। इस बार मेले में विधायक हरीश धामी की ओर से निजी खर्च पर बुलाए जाने वाले बड़े कलाकारों के कार्यक्रम नहीं होने से लोगों को मायूसी हुई।
विधायक धामी ने दूरभाष पर बताया कि उन्होंने विवाद के बाद भी एसडीएम से सहयोग की बात कही थी, लेकिन उनकी ओर से संपर्क नहीं किया गया। उन्होंने कहा कि सरकार उन्हें मेले का हिस्सा नहीं समझती, इसलिए उन्होंने इस बार दूरी बनाए रखी। हालांकि उन्होंने कहा कि समय बलवान है, आगे फिर मौके मिलेंगे।
125 वर्ष पुराना यह मेला भारत-नेपाल के व्यापारिक और सांस्कृतिक रिश्तों का प्रतीक है। सरकारी समापन के बावजूद स्थानीय व्यापारियों के अनुसार मेला दो-तीन दिन और चलेगा।