एन आई एन,
पिथौरागढ़। बेरीनाग और गंगोलीहाट क्षेत्र में निर्माण श्रमिकों के पंजीकरण एवं नवीनीकरण के नाम पर निर्धारित शुल्क से अधिक धनराशि वसूलने की शिकायतों पर श्रम विभाग ने चेतावनी जारी की है। सहायक श्रमायुक्त दीपक कुमार ने बताया कि जिले में उत्तराखंड भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण बोर्ड ने 16 सीएससी को अधिकृत किया है।
किसी भी सीएससी को क्षेत्र में शिविर लगाने की अनुमति नहीं दी गई है। उन्होंने बताया कि श्रमिक पंजीकरण शुल्क 150 रुपये, तीन वर्ष के नवीनीकरण का शुल्क 110 रुपये और विलंब शुल्क 10 रुपये प्रतिदिन निर्धारित है। उन्होंने लोगों से निर्धारित शुल्क ही जमा करने और अधिक वसूली की शिकायत श्रम विभाग को देने की अपील की है। अवैध वसूली करने वालों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।