एन आई एन,
पिथौरागढ़। मदकोट में दुकान संचालित करने वाला सुनार करीब 18 परिवारों का सोना और कीमती आभूषण लेकर कथित तौर पर फरार हो गया। आरोपी संजय वर्मा निवासी खटीमा पर करीब एक माह से दुकान बंद कर गायब होने का आरोप है। इससे प्रभावित परिवारों की जमा पूंजी फंस गई है। मामले में यूथ कांग्रेस जिलाध्यक्ष एवं जिला पंचायत सदस्य प्रतिनिधि विक्रम दानू ने थाना मुनस्यारी में शिकायत देकर आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने और निष्पक्ष जांच की मांग की है।
उन्होंने पुलिस से प्रभावित परिवारों के बयान दर्ज कर सोने और आभूषणों का विवरण जुटाने तथा आरोपी की तलाश कर पीड़ितों को उनकी संपत्ति वापस दिलाने की मांग की। दानू ने कहा कि गरीब परिवारों की जीवनभर की कमाई का मामला गंभीर है। पीड़ितों को न्याय दिलाने के लिए हर स्तर पर आवाज उठाई जाएगी।