एन आई एन,
पिथौरागढ़। राज्य कर्मचारी संयुक्त परिषद एवं डिप्लोमा इंजीनियर महासंघ ने कर्मचारियों की लंबित मांगों को लेकर 27 नवंबर को देहरादून सचिवालय कूच एवं धरना कार्यक्रम आयोजित करने का निर्णय लिया है।
परिषद की बैठक में बताया गया कि कर्मचारियों को 10, 16 और 26 वर्ष की सेवा के बाद मिलने वाले पदोन्नति पद के वेतनमान के स्थान पर सरकार ने 2017 में संशोधित एसीपी व्यवस्था लागू की थी।
कर्मचारी इस व्यवस्था को लेकर लंबे समय से आंदोलनरत हैं। पूर्व में विभिन्न स्तरों पर आंदोलन और जनपद स्तरीय धरना कार्यक्रम भी किए गए, लेकिन मांगों का समाधान नहीं होने पर अब सचिवालय कूच और धरने का निर्णय लिया गया है।
बैठक में कर्मचारी नेताओं ने कहा कि यदि सरकार कर्मचारियों की जायज मांगों पर सकारात्मक निर्णय नहीं लेती है तो आंदोलन को और व्यापक किया जाएगा।