एन आई एन,
पिथौरागढ़। नन्ही परी को न्याय दिए जाने की मांग को लेकर पिथौरागढ़ के लोग एक बार फिर सड़कों पर उतर आए हैं। नन्ही परी की हल्द्वानी में दुराचार के बाद निर्मम हत्या कर दी गई थी। इस मामले में तीन लोगों को गिरफ्तार किया गया था। मुख्य आरोपी सुप्रीम कोर्ट से बरी हो गया था, इसके बाद से ही जिले के लोगों में गहरा आक्रोश है। मुख्य अभियुक्त के न्यायालय से बरी होने के बाद पिथौरागढ़ में जबरदस्त आंदोलन शुरू हो गया था। इसके बाद सरकार ने सुप्रीम कोर्ट में रिव्यू पिटीशन दाखिल करने का भरोसा लोगों को दिया था रिव्यू पिटीशन दाखिल भी हुई लेकिन इस मामले में अब तक सुनवाई शुरू नहीं हुई है।
सुप्रीम कोर्ट में सुनवाई शुरू किये जाने की मांग को लेकर आज नगर के लोगों ने रामलीला मैदान में पहले श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया। जिसमें नन्ही परी को श्रद्धांजलि दी गई। इसके बाद नगर में विशाल जुलूस निकाला गया। विभिन्न संगठनों की ओर से प्रदेश सरकार को ज्ञापन भेज कर सुप्रीम कोर्ट में सुनवाई शुरू करने के लिए पहल किए जाने की मांग की गई है। जुलूस में विधायक मयूख महर, यूकेडी के शीर्ष नेता काशी सिंह ऐरी, रेवती जोशी, राजेंद्र भट्ट, व्यापार संघ अध्यक्ष तपन रावत, कांग्रेस के पूर्व जिलाअध्यक्ष त्रिलोक महर, यूथ कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव ऋषेंद्र महर, भुवन पांडे, भावना नगरकोटी सहित तमाम लोग शामिल रहे।