एन आई एन,
पिथौरागढ़। नन्ही परी को न्याय दिलाने की मांग को लेकर शुक्रवार को प्रस्तावित श्रद्धांजलि सभा को जिले के दर्जनों संगठनों ने समर्थन दिया है। संगठनों ने चेतावनी दी कि सुप्रीम कोर्ट में दायर रिव्यू पिटीशन पर सरकार ने ठोस पहल नहीं की तो आंदोलन प्रदेशव्यापी किया जाएगा। संयुक्त संगत समिति के जगत मर्तोलिया ने बताया कि बार एसोसिएशन, व्यापार मंडल, देवभूमि टैक्सी यूनियन, ग्राम प्रधान संगठन, पूर्व सैनिक संगठन, होटल एसोसिएशन और छात्र संघ समेत विभिन्न महिला, युवा व राजनीतिक संगठनों ने सभा को समर्थन दिया है। संगठनों की ब्लॉक इकाइयां भी आंदोलन में शामिल होंगी।
सभा के माध्यम से सुप्रीम कोर्ट में दायर रिव्यू पिटीशन पर तत्काल कार्रवाई और ऐसी घटनाओं की प्रभावी पैरवी के लिए जिला व राज्य स्तर पर लीगल सेल गठित करने की मांग उठाई जाएगी। सभा की सफलता के लिए नगर में प्रचार अभियान तेज कर दिया गया है।