26 घायलों को रेस्क्यू कर अस्पताल पहुंचाया, हरिद्वार से चमोली जा रही थी बस
एन आई एन,
टिहरी। उत्तराखंड के टिहरी जनपद में मंगलवार तड़के भीषण सड़क हादसा हो गया। गूलर बाजार के समीप हरिद्वार से चमोली जा रही एक यात्री बस अनियंत्रित होकर गूलर पुल से करीब 100 मीटर गहरी खाई में जा गिरी। हादसे में आठ लोगों की मौत हो गई, जबकि 26 यात्री घायल हो गए। दुर्घटना की सूचना मिलते ही एसडीआरएफ, पुलिस और स्थानीय लोगों ने मौके पर पहुंचकर राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया।
जानकारी के अनुसार मंगलवार सुबह करीब 4:30 बजे यात्री बस संख्या UK09PA-9779 गूलर के समीप दुर्घटनाग्रस्त हो गई। हादसे की सूचना पर एसडीआरएफ पोस्ट ब्यासी से उपनिरीक्षक सावर सिंह के नेतृत्व में टीम तत्काल घटनास्थल पर पहुंची और बचाव कार्य शुरू किया। दुर्घटना की गंभीरता को देखते हुए एसडीआरएफ सेनानायक अर्पण यदुवंशी के निर्देश पर पोस्ट ढालवाला और वाहिनी मुख्यालय से भी अतिरिक्त टीमें भेजी गईं।
निरीक्षक कविंद्र सजवाण के नेतृत्व में एसडीआरएफ की टीमों ने दुर्गम भूभाग और विषम परिस्थितियों के बीच रेस्क्यू अभियान चलाया। जवानों ने बस में फंसे यात्रियों को कड़ी मशक्कत के बाद बाहर निकाला। कुल 26 घायलों को स्ट्रेचर की मदद से खाई से सड़क तक पहुंचाया गया, जहां से एंबुलेंस के माध्यम से उन्हें उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया। वहीं हादसे में जान गंवाने वाले आठ लोगों के शव भी बस से बाहर निकालकर सड़क तक पहुंचाए गए।
एसडीआरएफ की विभिन्न टीमों ने घटनास्थल और आसपास के संभावित क्षेत्रों में सघन सर्च अभियान भी चलाया। पुलिस, प्रशासन, स्थानीय लोगों और अन्य बचाव एजेंसियों के संयुक्त प्रयासों से राहत एवं बचाव अभियान पूरा किया गया।