एन आई एन,
पिथौरागढ़। नगर में आकाशवाणी केंद्र के गेट के सामने स्थित छठ पूजा स्थल तक जाने वाले मार्ग के विस्तारीकरण की मांग उठी है। डॉ. भीमराव अम्बेडकर संवैधानिक विकास समिति ने जिलाधिकारी को ज्ञापन देकर मार्ग की स्थिति सुधारने की मांग की है। ज्ञापन में कहा गया है कि बिहार मूल के भवन निर्माण श्रमिक और अन्य लोग पिछले करीब 20 वर्षों से यहां सामूहिक रूप से छठ पूजा का आयोजन कर रहे हैं।
इसके लिए आकाशवाणी केंद्र के गेट के सामने छठ माता का छोटा मंदिर भी बनाया गया है। समिति के सचिव महेश मुरारी का कहना है कि पूजा स्थल तक पहुंचने वाला मार्ग संकरा और कच्चा है। बरसात में यहां आवागमन में काफी परेशानी होती है। मार्ग पर सुरक्षा और आवाजाही की भी समस्या बनी रहती है।
समिति ने जिलाधिकारी से पूजा स्थल तक जाने वाले मार्ग का विस्तारीकरण और निर्माण कराने की मांग की है।