एन आई एन,
पिथौरागढ़। धारचूला में उप शिक्षा अधिकारी राजेश कुमार अटवाल का गैरसैंण (चमोली) स्थानांतरण होने पर उत्तराखंड अनुसूचित जाति-जनजाति शिक्षक एसोसिएशन की ब्लॉक इकाई धारचूला ने गर्ब्यांग विद्यालय परिसर में विदाई समारोह आयोजित किया ।शिक्षक-शिक्षिकाओं ने फूलमालाओं, तिलक और स्मृति चिह्न भेंट कर उन्हें सम्मानित किया। वक्ताओं ने उनके कार्यकाल में शिक्षा व्यवस्था में सुधार, खेलकूद में विद्यार्थियों की उपलब्धियों और शिक्षकों की समस्याओं के त्वरित समाधान की सराहना की।
विदाई समारोह में अटवाल शिक्षकों के साथ स्थानीय संस्कृति की धुनों पर थिरकते नजर आए। अटवाल ने धारचूला में बिताए समय को अनमोल बताते हुए शिक्षकों के सहयोग की सराहना की और विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए समर्पित भाव से कार्य करने का आह्वान किया। इस दौरान संगठन अध्यक्ष किशन नबियाल, महामंत्री त्रिलोक सिंह गर्ब्याल, मनोज नगन्याल, रजनी नपलच्याल, रेणुका फिरमाल, मोहन दानू, राजेश्वरी सोनाल, गणेश नबियाल और सुनीता गर्ब्याल सहित शिक्षक मौजूद रहे। संचालन त्रिलोक सिंह गर्ब्याल ने किया।