एन आई एन,
पिथौरागढ़। उत्तराखंड प्रदेश कांग्रेस सोशल मीडिया महासचिव जगदीश कुमार ने 23 साल पुराने जैनी प्रकरण को लेकर भाजपा सरकार पर निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि हरक सिंह रावत सीबीआई जांच और न्यायिक प्रक्रिया में बेदाग साबित हो चुके हैं। ऐसे में पुराने निस्तारित मामले को दोबारा उठाना न्यायपालिका की गरिमा का अपमान है।
उन्होंने सवाल उठाया कि जब हरक सिंह रावत भाजपा सरकार में कैबिनेट मंत्री थे, तब इस मामले में कार्रवाई क्यों नहीं की गई? कुमार ने आरोप लगाया कि भाजपा के पास जनता के बीच जाने के लिए ठोस मुद्दे नहीं हैं, इसलिए वह राजनीतिक प्रतिशोध की भावना से पुराने मामलों को हवा दे रही है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस बेरोजगारी, महंगाई और प्रदेश की कानून व्यवस्था जैसे मुद्दों पर सरकार को जवाबदेह बनाती रहेगी।