डॉ दीपक सैनी बने देहरादून के सीडिओ
एन आई एन,

देहरादून। उत्तराखंड शासन ने बुधवार को बड़ा प्रशासनिक फेरबदल करते हुए भारतीय प्रशासनिक सेवा (आईएएस) और प्रांतीय सिविल सेवा (पीसीएस) के कुल 30 अधिकारियों के दायित्वों में बदलाव किया है। 11 नवंबर 2026 को जारी शासनादेश के तहत कई जिलों के अधिकारियों को नई जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। इस फेरबदल में पिथौरागढ़ के मुख्य विकास अधिकारी (सीडीओ) डां दीपक सैनी का भी तबादला किया गया है। उन्हें मुख्य विकास अधिकारी देहरादून बनाया गया है।


दीपक सैनी के स्थान पर शहरी विकास निदेशालय में अपर निदेशक के पद पर तैनात प्रवीण कुमार को पिथौरागढ़ का नया मुख्य विकास अधिकारी बनाया गया है। उनके सामने जिले में विकास योजनाओं को गति देने और ग्रामीण क्षेत्रों में संचालित विकास कार्यों को आगे बढ़ाने की जिम्मेदारी होगी।
प्रशासनिक फेरबदल के तहत देहरादून के मुख्य विकास अधिकारी अभिमन्यु शाह को अपर सचिव पर्यटन तथा अपर मुख्य कार्यकारी अधिकारी पर्यटन विकास परिषद की जिम्मेदारी सौंपी गई है। इसके अलावा नगर निगम हल्द्वानी, काशीपुर, रुड़की और रुद्रपुर समेत कई निकायों में भी अधिकारियों के दायित्व बदले गए हैं। हल्द्वानी के नगर आयुक्त पारितोष वर्मा को नगर आयुक्त काशीपुर बनाया गया है, जबकि काशीपुर के नगर आयुक्त रविंद्र सिंह बिष्ट को अपर जिलाधिकारी बागेश्वर की जिम्मेदारी दी गई है। पौड़ी की डिप्टी कलेक्टर नुपुर वर्मा को नगर आयुक्त रुद्रपुर और स्मृता परमार को नगर आयुक्त रुड़की बनाया गया है।
शासन के इस फेरबदल से प्रदेश के कई जिलों के प्रशासनिक और विकास कार्यों से जुड़े विभागों में बदलाव हुआ है। इनमें पिथौरागढ़ में नए सीडीओ की तैनाती प्रमुख बदलावों में शामिल है।