और क्यों उठाये मुख्यमंत्री पर सवाल
एन आई एन
पिथौरागढ़। प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री आज भ्रष्टाचार को लेकर मुखर है। उन्होंने पत्रकार वार्ता में कहा कि प्रदेश के दो मंत्री गणेश जोशी और रेखा आर्य पर गंभीर आरोप लगे हैं और मुख्यमंत्री रहस्यमय चुप्पी साधे हुए है इन दोनों मंत्रियों पर लगे आरोपों की जांच बेहद जरूरी है उन्होंने कहा है कि कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी पर सैन्य धाम में भ्रष्टाचार और आय से अधिक संपत्ति के मामले सामने आए हैं। गणेश जोशी के खिलाफ कोर्ट ने सीबीआई जांच के आदेश दिए हैं लेकिन सरकार इसकी अनुमति नहीं दे रही है। सरकार को अपनी मंशा स्पष्ट करनी चाहिए।
उन्होंने कैबिनेट मंत्री रेखा आर्य को लेकर सवाल उठाते हुए कहा कि खुद उनके पति ने कहा है कि उन्होंने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से रेखा आर्य के भ्रष्टाचारों की शिकायत की थी। उन्होंने ही रेखा आर्या के पास 210 करोड रुपए की संपत्ति होने का आरोप लगाया है। बरेली में विशाल महल नई कॉलोनी काटे जाने देहरादून में भी कॉलोनी बनाने के मामले सामने आ रहे हैं। यह पैसा उत्तराखंड के गरीब बच्चों के मध्याह्न भोजन का हो सकता है। यह स्थिति स्पष्ट होनी बेहद जरूरी है। अंकिता भंडारी के मामले में उन्होंने कहा कि हत्या से पहले उसने अपने दोस्त को मैसेज किया था जिसमें उसने साफ कहा था कि वीआईपी की सेवा के लिए कहा जा रह है। यह वीआईपी कौन है यह मामला आज तक नहीं खुला है यह गंभीर मसला है और राज्य की बेटी ने जो बलिदान दिया है उसे व्यर्थ नहीं जाने दिया जाएगा। मेडिकल कॉलेज की अनिमितता पर भी उन्होंने सवाल खड़े किए, पुत्र आनंद रावत के डीडीहाट से चुनाव लड़ने के मामले में उन्होंने कहा कि यह पार्टी को तय करना है। उनके बाहरी होने के सवाल पर उन्होंने कहा कि उत्तराखंड जैसे छोटे से राज्य में बाहरी होने के सवाल का कोई मतलब नहीं है वह खुद पिथौरागढ़ से चुनाव लड़ चुके हैं और पिथौरागढ की जनता ने उन्हें भरपूर समर्थन दिया है। वार्ता के दौरान कांग्रेस जिला अध्यक्ष मुकेश पंत, मनोज ओझा, प्रशांत भंडारी, खजान गुड्डू सहित दर्जनों कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।