एन आई एन,

पिथौरागढ़। सीमांत जनपद पिथौरागढ़ में शुक्रवार शाम भूकंप के झटके दर्ज किए गए। राष्ट्रीय भूकंप विज्ञान केंद्र के अनुसार भूकंप की तीव्रता रिक्टर स्केल पर 3.5 मापी गई। भूकंप शुक्रवार शाम 7 बजकर 50 मिनट 01 सेकंड पर आया। इसका केंद्र धारचूला क्षेत्र के उमचिया के पास बताया जा रहा है। भूकंप का केंद्र जमीन से 10 किलोमीटर की गहराई में था। इसकी भौगोलिक स्थिति 30.107 उत्तरी अक्षांश और 80.553 पूर्वी देशांतर दर्ज की गई।

भूकंप की सूचना के बाद प्रशासन ने सभी तहसीलों और पुलिस कंट्रोल रूम से जानकारी जुटाई। अधिकारियों के अनुसार फिलहाल जिले में कहीं से भी जनहानि या पशुहानि की सूचना नहीं मिली है। धारचूला क्षेत्र में भी लोगों को भूकंप के झटके महसूस नहीं हुए। विशेषज्ञों के अनुसार कम तीव्रता के भूकंप क्षेत्र में भूगर्भीय हलचल का हिस्सा हो सकते हैं, हालांकि भूकंप के आने को दबाव निकलने और सुरक्षित होने का संकेत मानना उचित नहीं है। फिलहाल स्थिति सामान्य बताई जा रही है।







Share on Facebook Share on WhatsApp