एन आई एन,
पिथौरागढ़। धारचूला के खोतिला पुल के पास महिला का शव मिलने के मामले में पुलिस ने 24 घंटे के भीतर हत्याकांड का खुलासा कर नामजद आरोपी देवराज नबियाल (35) निवासी खोतिला को गिरफ्तार कर लिया। छह नवंबर को पुल के पास मीनू लोहारी (35) का शव मिला था। शरीर पर चोटों के निशान थे। पुलिस ने घटनास्थल और संदिग्ध के घर की जांच की तो बेड व फर्श पर खून के निशान मिले।
मृतका के पुत्र की तहरीर पर हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया। पुलिस ने आरोपी को छह नवंबर की रात एसएसबी कैंप के पीछे काली नदी किनारे से गिरफ्तार किया। उसकी निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त लकड़ी का डंडा, खून से सनी शर्ट, जूते और मोबाइल फोन बरामद किए गए। आरोपी को न्यायालय में पेश किया जा रहा है।