एन आई एन,
लोहाघाट। सुई डूंगरी गांव में बुधवार शाम गुलदार के हमले में 13 वर्षीय हिमांशु पुजारी की मौत हो गई। हिमांशु रायकोट मेला देखकर घर लौट रहा था। शाम करीब 6:30 बजे घर से महज 30 मीटर दूर घात लगाए बैठे गुलदार ने उस पर हमला कर दिया। देर रात ग्रामीणों को उसका शव घर से नीचे खेतों में मिला। परिजन उसे लोहाघाट उप जिला चिकित्सालय ले गए, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया।
घटना के बाद ग्रामीणों ने वन विभाग पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए गुलदार को आदमखोर घोषित कर मारने की मांग की। ग्रामीणों के अनुसार गुलदार कई दिनों से गांव के आसपास दिखाई दे रहा था, लेकिन सूचना के बावजूद पिंजड़ा नहीं लगाया गया। जिलाधिकारी मनीष कुमार ने अस्पताल पहुंचकर घटना की जानकारी ली और वन विभाग को पिंजड़ा लगाने तथा गश्त बढ़ाने के निर्देश दिए। घटना से सुई डूंगरी सहित आसपास के गांवों में दहशत का माहौल है।