एन आई एन,

पिथौरागढ़। भारत के प्रथम महावीर चक्र विजेता अमर शहीद दीवान सिंह दानू की 79वीं पुण्यतिथि पर मंगलवार को उनके गृह क्षेत्र बिर्थी स्थित विद्यालय परिसर में श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किया गया। शहीद के पौत्र तेज सिंह और प्रह्लाद सिंह दानू ने दीप प्रज्वलित कर उनकी प्रतिमा पर माल्यार्पण किया। पूर्व सैनिक संगठन के क्षेत्र संयोजक सूबेदार किशन सिंह बृथ्वाल सहित पूर्व सैनिकों, ग्राम प्रधान कुंदन सिंह, विद्यालय के शिक्षक-कर्मचारियों और छात्र-छात्राओं ने शहीद को श्रद्धासुमन अर्पित किए।

उल्लेखनीय है कि पूर्व सैनिक संगठन के प्रयासों से विद्यालय परिसर में शहीद की प्रतिमा स्थापित की गई थी। संगठन प्रतिवर्ष पुण्यतिथि पर कार्यक्रम आयोजित कर नई पीढ़ी को उनके शौर्य, साहस और बलिदान से परिचित करा रहा है। कार्यक्रम का समापन शहीद के जयकारों और भारत माता के उद्घोष के साथ हुआ।







Share on Facebook Share on WhatsApp