एन आई एन,
पिथौरागढ़। वर्ष 2027 में आयोजित होने वाले नासिक-त्र्यंबकेश्वर सिंहस्थ महाकुंभ की तैयारियों के तहत आयोजित धर्मध्वजा आरोहण समारोह में भारत की राष्ट्रपति एवं सेनाओं की सर्वोच्च कमांडर द्रौपदी मुर्मू शामिल हुईं। इस अवसर पर वैदिक विद्वानों एवं आचार्यों ने मंत्रोच्चार के साथ विधिवत धर्मध्वजा पूजन एवं आरोहण कराया। कार्यक्रम में महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस, उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे व सुनेत्रा पवार, राज्यपाल देवेंद्र वर्मा, जूना अखाड़े के संरक्षक श्रीमहंत हरि गिरि महाराज, अंतरराष्ट्रीय प्रवक्ता श्रीमहंत नारायण गिरि महाराज, पिथौरागढ़ निवासी महामंडलेश्वर वीरेंद्रानंद सहित अनेक संत-महात्मा एवं गणमान्य लोग मौजूद रहे।
समारोह में शामिल हुए महामंडलेश्वर वीरेंद्रानंद ने कहा कि गुरुजनों के आशीर्वाद से इस ऐतिहासिक एवं आध्यात्मिक आयोजन का सहभागी बनने का सौभाग्य मिला। यह उनके लिए गौरव और आध्यात्मिक अनुभूति का अविस्मरणीय क्षण रहा।