एन आई एन,
पिथौरागढ़। दीपावली के मद्देनजर परिवहन विभाग ने सड़क सुरक्षा को लेकर चेकिंग अभियान तेज कर दिया है। एआरटीओ प्रवर्तन शिवांश कांडपाल के नेतृत्व में डीडीहाट में चलाए गए अभियान के दौरान यातायात नियमों के उल्लंघन पर एक बस सीज की गई।
एआरटीओ ने बताया कि अभियान के तहत वाहनों के फिटनेस, परमिट, बीमा, प्रदूषण प्रमाण पत्र, चालक लाइसेंस और यात्री क्षमता की जांच की जा रही है। बीते माह विभाग ने जनपद में 612 वाहनों के चालान किए और 14 वाहन सीज किए।
उन्होंने वाहन चालकों से ओवरलोडिंग, तेज गति और शराब पीकर वाहन चलाने से बचने, हेलमेट व सीट बेल्ट का प्रयोग करने तथा सभी जरूरी दस्तावेज साथ रखने को कहा है।