एन आई एन,
पिथौरागढ़। चौदास घाटी के छल्माछिलासों में तीन दिवसीय महोत्सव का रविवार को सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ शुभारंभ हुआ। मंदिर में पूजा-अर्चना के बाद निकली कलश यात्रा में छल्माछिलासों, सिर्दांग, रुंग, हिमखोला, धारपांगु और सिर्खा गांवों की सुंदर झांकियां शामिल हुईं। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने वर्चुअल माध्यम से शुभकामना संदेश देकर महोत्सव का उद्घाटन किया। उन्होंने कहा कि चौदास घाटी की सुंदर वादियों में आने की उनकी प्रबल इच्छा है।
क्षेत्र के विकास के लिए निरंतर कार्य किए जा रहे हैं और स्थानीय समस्याओं का भी समाधान किया जाएगा। इस दौरान भारतीय अल्पसंख्यक आयोग के पैनल सदस्य रेंपोचे अंशुल खेर, रं कल्याण संस्था के अध्यक्ष प्रकाश गुंज्याल, शिल्पकार संगठन के अध्यक्ष जितेंद्र वर्मा और सभासद शकुंतला आगरी ने दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। महोत्सव अध्यक्ष संदीप वर्मा और ग्राम प्रधान पूजा वर्मा ने अतिथियों का आभार जताया। संचालन एआर दताल, ज्योति नमत्याल और आरती वर्मा ने किया।