एन आई एन,
पिथौरागढ़। उत्तराखंड ग्रामीण बैंक ने सीमांत गांव तीजम में अपनी पहली मॉडल ग्राहक सेवा केंद्र (सीएसपी) शाखा का शुभारंभ किया। धारचूला शाखा के अंतर्गत स्थापित केंद्र का उद्घाटन बैंक के अध्यक्ष हरि हर बिष्ट ने किया। इस दौरान क्षेत्रीय कार्यालय के अधिकारी अंकित जायसवाल, धारचूला शाखा प्रबंधक किरण मेहता कार्की और ग्राम प्रधान सहित अन्य लोग मौजूद रहे।
बैंक के अनुसार, धारचूला घाटी में बैंकिंग सेवाएं पहुंचाने की दिशा में यह पहला कदम है। इससे दूरस्थ सीमांत गांवों के लोगों को स्थानीय स्तर पर बैंकिंग सुविधाएं मिल सकेंगी और वित्तीय समावेशन को बढ़ावा मिलेगा। बैंक की ओर से इस वर्ष पिथौरागढ़ जिले में कुल 34 नए सीएसपी नियुक्त किए गए हैं, जिनमें 12 महिलाएं हैं। बैंक अध्यक्ष ने ग्रामीणों को आश्वस्त किया कि बैंक उनकी सुविधाओं के लिए सदैव तत्पर रहेगा।