एन आई एन,
पिथौरागढ़। राजकीय इंटर कॉलेज गर्खा में आयोजित गर्खा महोत्सव के दूसरे दिन कुमाऊंनी और नेपाली लोकगीतों की धूम रही। संस्कृति विभाग के माध्यम से जनजागृति कला समिति बिंदुखत्ता के कलाकारों ने रंगारंग प्रस्तुतियां देकर दर्शकों का मनोरंजन किया।
लोकगायिका मेघना चंद्रा, गायक जितेंद्र तोमक्याल और नृत्यांगना वैशाली टोलिया ने शानदार प्रस्तुतियां दीं। नेपाली कलाकार आरती शाह, सुरेश जैरु और गणेश कैसी ने नेपाली लोकगीतों व नृत्य से दर्शकों को झूमने पर मजबूर कर दिया। हर प्रस्तुति पर तालियों से महोत्सव परिसर गूंज उठा। ब्लॉक प्रमुख एवं महोत्सव आयोजक महिमन सिंह कन्याल ने कहा कि महोत्सव का उद्देश्य क्षेत्र की लोक संस्कृति और परंपराओं को बढ़ावा देने के साथ स्थानीय कलाकारों को मंच प्रदान करना है।