एन आई एन,

पिथौरागढ़ ।
14वीं वाहिनी आइटीबीपी जाजरदेवल पिथौरागढ़ ने शहीद परिवार के प्रति सम्मान, संवेदनशीलता और अपनत्व की मिसाल पेश की है। वाहिनी ने शहीद कांस्टेबल/जीडी देव चरण सिंह धामी के पुत्र मास्टर प्रतीक सिंह का जन्मदिन उनके परिवार के साथ मनाया। शहीद देव चरण सिंह धामी ने राष्ट्र सेवा में अपने प्राणों का सर्वोच्च बलिदान दिया था। वह 14वीं वाहिनी, भारत-तिब्बत सीमा पुलिस बल में तैनात थे। झारखंड विधानसभा चुनाव-2019 के दौरान सक्रिय ड्यूटी करते हुए अचानक तबीयत खराब होने के कारण 1 दिसंबर 2019 को वीरगति को प्राप्त हुए थे।शहीद के सर्वोच्च बलिदान को स्मरण करते हुए 23 अक्टूबर को वाहिनी के निर्देश पर शहीद के पुत्र का जन्मदिन उनके गृह नगर पिथौरागढ़ में परिवार के सदस्यों के साथ मनाया गया। इस अवसर पर मास्टर प्रतीक सिंह से केक कटवाया गया और उन्हें उपहार भेंट कर जन्मदिन की शुभकामनाएं दी गईं।

कार्यक्रम में वाहिनी के अधिकारियों और शहीद परिवार के सदस्यों की उपस्थिति रही। इस पहल के माध्यम से शहीद परिवार को यह विश्वास दिलाया गया कि भारत-तिब्बत सीमा पुलिस बल सदैव उनके साथ खड़ा है तथा शहीद परिवारों का सम्मान, सहयोग और कल्याण उसकी प्राथमिकताओं में शामिल है।







Share on Facebook Share on WhatsApp