एन आई एन,
पिथौरागढ़। तपोवन विद्यास्थली में शनिवार को पाँच दिवसीय कंप्यूटर कार्निवल का भव्य शुभारंभ उत्साह और उमंग के साथ हुआ। ‘AI Explorers – Discovery of the World of Artificial Intelligence’ थीम पर आधारित पहले दिन विद्यार्थियों ने आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) के माध्यम से अपनी रचनात्मकता, कल्पनाशक्ति और तकनीकी कौशल का शानदार प्रदर्शन किया।
कार्यक्रम का आयोजन एग्जीक्यूटिव एवं संरक्षक एडवोकेट एम.एल. कुमार जोशी के मार्गदर्शन में किया गया। मुख्य अतिथि निकिता भसीन का विद्यालय परिवार ने स्वागत किया। कार्यक्रम की शुरुआत विद्यार्थियों के स्वागत गीत, गणेश वंदना और मां सरस्वती की वंदना से हुई।
कार्निवाल के प्रथम दिवस पर कक्षा 1 से 8 तक के विद्यार्थियों ने AI की मदद से आकर्षक चित्र तैयार किए। ‘AI Doctors’, ‘Flying Cars’, ‘World Without Pollution’ और ‘Dream School’ जैसे रोचक एवं संदेशपरक विषयों पर विद्यार्थियों ने अपनी कल्पनाओं को चित्रों के माध्यम से प्रस्तुत किया।
मुख्य अतिथि निकिता भसीन ने विद्यार्थियों की रचनात्मकता और प्रयासों की सराहना करते हुए उन्हें आधुनिक तकनीक का सकारात्मक एवं ज्ञानवर्धक उपयोग करने के लिए प्रेरित किया। पाँच दिवसीय कंप्यूटर कार्निवल के पहले दिन विद्यार्थियों ने यह साबित किया कि आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस केवल तकनीक नहीं, बल्कि कल्पनाओं को साकार करने और नवाचार को बढ़ावा देने का एक प्रभावी माध्यम भी है।