8 दिसंबर को होनी थी शादी
एन आई एन,
पिथौरागढ़। उत्तराखंड के पिथौरागढ़ में रविवार देर रात एक भीषण सड़क हादसे में घायल सेना के जवान की मौत हो गयी है। बिण पेट्रोल पंप के निकट मध्यरात्रि दो बाइकों की आमने-सामने की जोरदार टक्कर में गंभीर रूप से घायल हुए 12 कुमाऊं रेजिमेंट के जवान महिमन सिंह ने बुधवार देर रात लखनऊ के कमांड हास्पीटल में उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। इस दर्दनाक हादसे में पहले ही 20 वर्षीय छात्र जाजरदेवल निवासी धीरज भट्ट की मृत्यु हो चुकी है, जिससे इस दुर्घटना में मृतकों की कुल संख्या अब दो हो गई है।
मिली जानकारी के अनुसार, महिमन सिंह चुफाल (28 वर्ष) उधम सिंह नगर जिले के नानकमत्ता (ग्राम नलई) के रहने वाले थे और मूल रूप से पिथौरागढ़ के हुबली गांव के निवासी थे। उनके घर में इन दिनों शादी की तैयारियां जोरों पर थीं और आगामी 8 दिसंबर को उनका विवाह होना तय था। अचानक हुए इस हादसे और जवान के निधन से परिवार की सारी खुशियां उजड़ गईं और पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है।
यह दुर्घटना रविवार देर रात करीब 12 से 12:30 बजे के बीच बिण पेट्रोल पंप के पास हुई। एक बाइक पर 20 वर्षीय धीरज भट्ट और उनके साथी केशव शर्मा रामलीला देखकर अपने घर लौट रहे थे। वहीं दूसरी बुलेट बाइक पर 12 कुमाऊं रेजिमेंट के जवान महिमन सिंह चुफाल और राजेश रावत सवार होकर सैन्य क्षेत्र की तरफ आ रहे थे। दोनों बाइकों की आमने-सामने की भिड़ंत इतनी भयानक थी कि वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए और चारों युवक सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना के बाद सभी घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां से स्थिति की गंभीरता को देखते हुए सेना अपने जवानों को सैन्य अस्पताल ले गई। जवान महिमन सिंह चुफाल की गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें हेलीकॉप्टर के जरिए कमान अस्पताल, लखनऊ रेफर किया गया था, जहां बुधवार देर रात इलाज के दौरान उनका निधन हो गया। वहीं, दूसरे घायल जवान राजेश रावत का इलाज अभी जारी है। इस दुर्घटना में जान गंवाने वाले छात्र धीरज भट्ट की मौत पहले ही सोमवार तड़के बरेली ले जाते समय रास्ते में हो चुकी थी। एक ही हादसे में दो युवकों की मौत से दोनों परिवारों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। कोतवाल ललित मोहन जोशी ने बताया कि इस मामले में दोनों पक्षों की ओर से तहरीर भी मिली है। तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।