एन आई एन,
पिथौरागढ़। गर्खा महोत्सव के अंतर्गत आयोजित 24वें मनमोहन सिंह कन्याल स्मृति वॉलीबॉल प्रतियोगिता के फाइनल मुकाबले गुरुवार को खेले गये। बालिका वर्ग के फाइनल में पिथौरागढ़ की टीम ने राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय नारायणनगर को 25-23, 25-22 से हराया। पुरुष वर्ग के फाइनल में नेपाल की टीम ने 12 कुमाऊं रेजिमेंट पिथौरागढ़ को 25-23, 25-24 और 25-21 से पराजित किया। पुरुष वर्ग की विजेता टीम को 30 हजार और उपविजेता को 15 हजार रुपये की पुरस्कार राशि दी गई। बालिका वर्ग की दोनों टीमों को ट्रॉफी और प्रोत्साहन राशि देकर सम्मानित किया गया। समापन समारोह में डीडीहाट के ब्लॉक प्रमुख नरेंद्र सिंह धामी उर्फ गुड्डू धामी और ग्राम प्रधान संगठन के ब्लॉक अध्यक्ष महिमन सिंह सहित अन्य लोग मौजूद रहे।
मुख्य संयोजक देवराज सिंह कन्याल ने अतिथियों और खेल प्रेमियों का आभार जताया। महोत्सव में 23 अक्टूबर से महिला सशक्तीकरण और लोक संस्कृति के संरक्षण के लिए झोड़ा-चांचरी प्रतियोगिताएं आयोजित होंगी। रात्रिकालीन सांस्कृतिक कार्यक्रमों में लोकगायिका हेमा ध्यानी, ललित गित्यार, चंद्रशेखर टम्टा और झूलाघाट सांस्कृतिक समिति सहित विभिन्न दल प्रस्तुतियां देंगे। महोत्सव का उद्देश्य सीमांत क्षेत्र की खेल प्रतिभाओं, महिलाओं और स्थानीय लोक संस्कृति को प्रोत्साहित करना है।