एन आई एन,
पिथौरागढ़। मुनस्यारी क्षेत्र में जून 2020 में बैली ब्रिज टूटने की एक पुरानी घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वर्तमान का बताकर प्रसारित करने पर जिला प्रशासन ने कड़ा रुख अपनाया है। पुरानी वीडियो के जरिए लोगों में भय और भ्रम का माहौल पैदा करने की कोशिश को गंभीरता से लेते हुए जिलाधिकारी आशीष भटगांई ने संबंधित सोशल मीडिया पेज संचालक के खिलाफ पुलिस में रिपोर्ट दर्ज कराने के निर्देश जारी किए हैं।
दरअसल, सोशल मीडिया के विभिन्न प्लेटफॉर्म्स पर एक वीडियो तेजी से प्रसारित किया जा रहा था, जिसमें एक ट्रक भारी-भरकम पोकलेन मशीन लेकर बैली ब्रिज से गुजरता दिख रहा है और क्षमता से अधिक वजन होने के कारण पुल टूटकर नीचे खाई में गिर जाता है। पड़ताल में सामने आया कि यह वीडियो जनपद के मुनस्यारी स्थित धापा बैंड का है, जो जून 2020 में घटित हुई वास्तविक घटना का है।
वर्तमान समय में इस वीडियो को हाल की घटना के रूप में प्रचारित-प्रसारित किया जा रहा था, जिससे स्थानीय निवासियों और मुनस्यारी आने वाले पर्यटकों के बीच असमंजस और डर की स्थिति बनने लगी थी। बताते चलें कई लोग व्यूज बढ़ाने के लिए फेसबुक व इंस्टाग्राम पर बिना तथ्यों की जांच पड़ताल किये वीडियो वायरल कर देते हैं। जनता ने भी ऐसे लोगों के फेसबुक पेज पर निगरानी रखने व इन्हें बंद करने के लिए प्रशासन से मांग की है।