एन आई एन,
पिथौरागढ़। 24वीं मनमोहन सिंह कन्याल स्मृति वॉलीबॉल प्रतियोगिता के पुरुष वर्ग के फाइनल में नेपाल की जय मां भगवती ओगला और 12 कुमाऊं रेजिमेंट पिथौरागढ़ के बीच मुकाबला होगा। सेमीफाइनल में नेपाल की टीम ने जूलाघाट और 12 कुमाऊं रेजिमेंट ने 6 राजपूत राइफल्स को हराया।
प्रतियोगिता में पहुंचे उत्तर प्रदेश सरकार के पूर्व मुख्य सचिव मनोज कुमार सिंह ने सीमांत क्षेत्र में खेल और संस्कृति संरक्षण के प्रयासों की सराहना की।
उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन ग्रामीण प्रतिभाओं को मंच देने के साथ भारत-नेपाल के मैत्रीपूर्ण संबंधों को भी मजबूत करते हैं। कार्यक्रम में आईएएस अधिकारी डॉ. रश्मि सिंह और उत्तराखंड क्रांति दल के वरिष्ठ नेता दिनेश गुरुरानी भी मौजूद रहे।
आयोजन समिति के अनुसार महिला और पुरुष वर्ग के फाइनल मुकाबले आज दोपहर एक बजे से खेले जाएंगे। मुख्य आयोजक एवं ब्लॉक प्रमुख महिमन सिंह कन्याल ने क्षेत्रवासियों और खेलप्रेमियों से पहुंचकर खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाने की अपील की।