15 मिनट में पूरा होगा सफर, पर्यटन और आपातकालीन सेवाओं को मिलेगी रफ्तार पिथौरागढ़। उड़ान योजना के तहत पिथौरागढ़ से मुनस्यारी के बीच हेलीकॉप्टर सेवा की शुरुआत हो गई है। अब जहां सड़क मार्ग से घंटों का सफर तय करना पड़ता था, वही सफर महज 15 मिनट में पूरा हो जाएगा। इस सेवा का किराया ₹2500 तय किया गया है। हेली सेवा का शुभारंभ प्रदेश के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बुधवार को वर्चुअल माध्यम से किया। यह सेवा हेरिटेज एविएशन द्वारा संचालित की जाएगी। कंपनी के सीईओ रोहित माथुर ने जानकारी दी कि प्रतिदिन दो उड़ानें चलेंगी।
जिलाधिकारी विनोद गोस्वामी ने कहा कि यह सुविधा मुनस्यारी क्षेत्र के निवासियों और पर्यटकों के लिए अत्यंत लाभकारी होगी। उन्होंने बताया कि इस सेवा से न केवल पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा, बल्कि आपात स्थितियों में भी लोग शीघ्र जिला मुख्यालय तक पहुंच सकेंगे। शुभारंभ अवसर पर पुलिस अधीक्षक रेखा यादव, पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष राजेंद्र रावत, वीरेंद्र वल्दिया, होटल एसोसिएशन से पवन जोशी और राजेंद्र भट्ट सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे। होटल एसोसिएशन के अध्यक्ष राजेंद्र भट्ट ने हेली सेवा का स्वागत करते हुए कहा कि इससे पर्यटन को नई गति मिलेगी। उन्होंने साथ ही यह भी मांग की कि दिल्ली से संचालित हवाई सेवाओं में मौसम के हल्के खराब होने पर उड़ानें रद्द किए जाने की समस्या का स्थायी समाधान निकाला जाए।