एन आई एन पिथौरागढ़। टीयूसीसी का तीसरा राज्य सम्मेलन नगर निगम हॉल में संपन्न हुआ। ट्रेड यूनियन कोऑर्डिनेशन सेंटर के सम्मेलन में राष्ट्रीय अध्यक्ष हंसराज अकेला ,राष्ट्रीय महामंत्री एसपी तिवारी, मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद रहे। राष्ट्रीय महामंत्री एसपी तिवारी ने कहा कि केंद्र सरकार श्रमिकों के हित में महत्वपूर्ण कार्य कर रही है।
जल्द ही ई-श्रम कार्ड धारकों को पेंशन सुविधा मिलेगी। इसमें श्रमिकों द्वारा जमा धनराशि के बराबर धनराशि भविष्य निधि संगठन भी जमा करेगा। 60 वर्ष की उम्र पूरी होने पर श्रमिक को तीन हजार रुपए पेंशन मिलेगी। सांस्कृतिक कार्यक्रमों के बीच संपन्न हुए सम्मेलन में 200 श्रमिकों ने भाग लिया। इस अवसर पर संगठन की नई कार्यकारिणी गठित की गई। जिसमें नवीन चंद्र कुरील को प्रदेश अध्यक्ष, अर्जुन धौनी को प्रदेश उपाध्यक्ष, पीयूष चौहान को प्रदेश महामंत्री, अमित कुमार को संगठन मंत्री, सिंटू कुमार को कोषाध्यक्ष बनाया गया।