एन आई एन,
पिथौरागढ़। जाजरदेवल थाना क्षेत्र में एक और महिला ने ठेकेदार पर जान से मारने की धमकी, गाली-गलौज और चेक से जुड़े मामले में धमकाने का आरोप लगाया है। डॉन बॉस्को स्कूल क्षेत्र निवासी सीमा भट्ट ने थाने में तहरीर देकर आरोपी के खिलाफ कार्रवाई और परिवार की सुरक्षा की मांग की है।
महिला का आरोप है कि ठेकेदार बाकेलाल चौधरी लगातार उन्हें धमका रहा है और अभद्र भाषा का प्रयोग कर रहा है। साथ ही पूर्व में दिए गए चेकों को लेकर भी दबाव बनाया जा रहा है, जिससे परिवार में भय का माहौल है।
प्रभारी एसआई आशीष रावत ने बताया कि मामले में मुकदमा दर्ज कर विवेचना एसआई महावीर सिंह डांगी को सौंपी गई है। जांच के आधार पर अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।
गौरतलब है कि इसी प्रकरण से जुड़े विवाद में इससे पहले रुक्मिणी देवी की ओर से भी मुकदमा दर्ज कराया जा चुका है। जिस पर शुक्रवार को क्षेत्र की महिलाओं ने पिथौरागढ़ दौरे पर आई कैबिनेट मंत्री रेखा आर्या के सामने मामले को रखा।