एन आई एन,

पिथौरागढ़। वन विभाग की टीम ने डीडीहाट वन क्षेत्र के हाटथर्प क्षेत्र में कार्रवाई करते हुए काकड़ के मांस के साथ एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। जानकारी के अनुसार एक व्यक्ति के स्कूटी से वन्यजीव का मांस ले जाने की सूचना मिलने पर वन विभाग की टीम ने वाहन को रोककर तलाशी ली। स्कूटी की डिग्गी से काकड़ के मांस के टुकड़े बरामद हुए।

पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम रंजीत सिंह मेहता निवासी तल्ली मिर्थी बताया। पुछताछ में आरोपी ने बताया कि उसने यह मांस भूमियाधार मोड़ के पास एक व्यक्ति से लिया था। वन विभाग ने आरोपी को हिरासत में लेकर उसके खिलाफ वन्यजीव संरक्षण अधिनियम, 1972 की विभिन्न धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज कर आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी। क्षेत्राधिकारी सुरेंद्र सिंह रावत ने बताया कि मामले की जांच जारी है तथा मांस के स्रोत और अन्य संबंधित व्यक्तियों की भूमिका की भी जांच की जा रही है। कार्रवाई करने वाली टीम में वन दरोगा सलमान हुसैन, पंकज रावत, वन आरक्षी नरेंद्र सिंह, भूपेंद्र सिंह, पंकज सिंह पानू तथा वाहन चालक रोशन लाल कोहली सहित पुलिस कर्मी शामिल रहे।



Share on Facebook Share on WhatsApp