एन आई एन,
पिथौरागढ़। बेरीनाग क्षेत्र के एक ग्रामीण ने गांव के ही दुकानदार पर लोहे के बाट से हमला कर गंभीर रूप से घायल करने का आरोप लगाया है। पुलिस द्वारा कार्रवाई नहीं किए जाने का आरोप लगाते हुए पीड़ित ने न्यायालय की शरण ली, जिसके बाद अदालत के आदेश पर मामले में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
जानकारी के अनुसार बटगल गांव निवासी खुशाल सिंह ने न्यायिक मजिस्ट्रेट गंगोलीहाट की अदालत में धारा 175(3) बीएनएसएस के तहत प्रार्थना पत्र दाखिल किया। प्रार्थना पत्र में उन्होंने बताया कि 3 मार्च 2026 की शाम वह गांव की एक किराना दुकान पर घरेलू सामान खरीदने गया था। आरोप है कि दुकान संचालक ने उसे सामान देने से इनकार कर दिया, जिसके बाद दोनों के बीच कहासुनी हो गई।
पीड़ित का आरोप है कि इसी दौरान दुकानदार ने कथित रूप से नशे की हालत में दुकान में रखा लोहे का बाट उठाकर उसके सिर पर हमला कर दिया। हमले में वह गंभीर रूप से घायल होकर बेहोश हो गया। होश में आने के बाद उसने 112 और 108 पर कॉल कर घटना की सूचना दी। एंबुलेंस के माध्यम से उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बेरीनाग ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उसे हायर सेंटर रेफर कर दिया।
खुशाल सिंह का कहना है कि उसने घटना वाले दिन ही बेरीनाग थाने में तहरीर दी थी, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। बाद में पुलिस के कहने पर 10 मार्च को दोबारा शिकायत दी गई, फिर भी मामला दर्ज नहीं किया गया। इसके बाद उसने 14 मार्च को पुलिस अधीक्षक पिथौरागढ़ को पंजीकृत डाक के माध्यम से शिकायत भेजी, लेकिन वहां से भी कोई कार्रवाई नहीं हुई।
प्रार्थना पत्र में पीड़ित ने यह भी आरोप लगाया कि आरोपी प्रभावशाली व्यक्ति है और उसे लगातार धमकियां दी जा रही हैं। उसने न्यायालय से एफआईआर दर्ज कर निष्पक्ष जांच कराने की मांग की थी।
मामले में न्यायालय ने प्रार्थना पत्र स्वीकार करते हुए आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। अदालत के आदेश के बाद मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और जांच शुरू कर दी गई है।
थानाध्यक्ष नरेश कुमार ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है तथा जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।