एन आई एन,
पिथौरागढ़। साइबर ठगों का जाल लगातार ग्रामीण क्षेत्रों तक फैलता जा रहा है। ताजा मामला मुनस्यारी क्षेत्र से सामने आया है, जहां फर्जी आईडी के माध्यम से एक युवक को अपने झांसे में लेकर उसकी मेहनत की कमाई के 1.40 लाख से अधिक की रकम ऑनलाइन ट्रांजेक्शन के जरिए हड़प ली गई।ग्राम पंचायत गिरगांव निवासी प्रकाश सिंह पुत्र नारायण सिंह ने कोतवाली मुनस्यारी में दी गई तहरीर में बताया कि उनका भारतीय स्टेट बैंक की नाचनी शाखा में बचत खाता है। अज्ञात साइबर ठगों ने फर्जी आईडी बनाकर उन्हें विश्वास में लिया और अलग-अलग ऑनलाइन लेनदेन के माध्यम से 140201 की राशि उनके खाते से निकलवा ली। उन्होंने बताया कि 1 जून और 2 जून 2026 को कई किश्तों में रकम ट्रांसफर हुई, जिसका पता चलने पर उनके पैरों तले जमीन खिसक गई।
उन्होंने बताया कि वह मुनस्यारी बस स्टेशन स्थित एक होटल में काम करते हैं यह राशि उनकी वर्षों की मेहनत और बचत का हिस्सा थी। पर्यटन सीजन के दौरान कार्य व्यस्तता के कारण शिकायत दर्ज कराने में कुछ देरी हुई, लेकिन अब उन्होंने पुलिस से मामले की जांच कर ठगी गई रकम वापस दिलाने की मांग की है। क्षेत्र में बढ़ते साइबर अपराधों के बीच इस घटना ने एक बार फिर ऑनलाइन सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं। पुलिस ने शिकायत प्राप्त कर मामले की जांच शुरू कर दी है। साइबर सेल प्रभारी नीरज भाकुनी ने लोगों से फर्जी सोशल मीडिया प्रोफाइल, अज्ञात लिंक और ऑनलाइन लेनदेन के दौरान विशेष सावधानी बरतने की अपील की है।