एन आई एन,
पिथौरागढ़। वड्डा बाजार में दो सैनिकों पर हुए जानलेवा हमले के मामले में घटना के छह दिन बीतने के बावजूद पुलिस के हाथ अब तक खाली हैं। गंभीर रूप से घायल एक सैनिक का सेना अस्पताल पिथौरागढ़ और दूसरे का लखनऊ में उपचार चल रहा है। मुकदमा दर्ज होने के बाद भी अब तक आरोपियों की गिरफ्तारी न होने से सवाल खड़े होने लगे हैं। इस मामले में अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है।
भारतीय सेना में तैनात सिपाही पुष्कर सिंह बिष्ट और उनके साथी सैनिक सुंदर सिंह बिष्ट चार जून को ड्यूटी के बाद वड्डा बाजार में खरीदारी करने को पहुंचे थे। उनका आरोप था कि इसी दौरान देशी शराब की दुकान के संचालक और उसके साथ मौजूद कुछ लोगों ने दोनों सैनिकों के साथ अभद्रता की और फिर लाठी, लोहे की रॉड से हमला कर दिया। हमले में दोनों सैनिक गंभीर रूप से घायल हो गए। सुंदर सिंह बिष्ट की हालत नाजुक होने पर उन्हें पहले पिथौरागढ़ के सैन्य अस्पताल और बाद में एयरलिफ्ट कर कमांड अस्पताल लखनऊ भेजना पड़ा, जबकि दूसरे सैनिक का उपचार अभी भी सैन्य अस्पताल में चल रहा है। थानाध्यक्ष जाजरदेवल मनोज पांडे का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है।