एन आई एन,
पिथौरागढ़। नगर के कुमौड गांव की रहने वाली 35 वर्षीय महिला वैशाली खडायत का शव आज नैनीसैनी गांव में एक तालाब से बरामद हुआ। क्षेत्र वासियों ने तालाब में शव देखा और इसकी सूचना पुलिस को दी। जाजरदेवल के थाना प्रभारी मनोज पांडे मौके पर पहुंचे। उन्होंने शव को बाहर निकाला। थाना प्रभारी ने बताया कि वैशाली खडायत मूल रूप से पिथौरागढ़ की रहने वाली है। उन्होंने मध्य प्रदेश रीवा के एक व्यक्ति से 5 वर्ष पूर्व प्रेम विवाह किया था। आज सुबह उनके पति की रीवा में हार्ट अटैक से मौत हो गई।
वैशाली को जैसे ही इसकी सूचना मिली वह बेचैन हो गई और घर से निकल गई। अपराह्न में 3:00 बजे उनका शव नैनीसैनी गांव के एक तालाब से बरामद हुआ। थाना प्रभारी मनोज पांडे ने बताया कि प्रथम दृष्टया यह मामला आत्महत्या का लग रहा है। विवाह को अभी 5 वर्ष हुए हैं इसे देखते हुए कल डॉक्टर के पैनल से महिला का पोस्टमार्टम कराया जाएगा। इसके बाद आगे की कार्रवाई होगी। बताया गया है कि महिला के बच्चे नहीं है।