एन आई एन,
पिथौरागढ़। आदि कैलाश और ओम पर्वत के दर्शन कर लौट रहे पश्चिम बंगाल निवासी 75 वर्षीय हरिहर चौधरी की हार्ट अटैक आने से मौत हो गई। वह अपने बेटे और बहू के साथ यात्रा पर आए थे।
जानकारी के अनुसार हरिहर चौधरी निवासी पश्चिम बंगाल 3 जून को अपने परिवार के साथ आदि कैलाश-ओम पर्वत दर्शन के लिए पहुंचे थे।
शुक्रवार को वापसी के दौरान धारचूला में अचानक उनकी तबीयत बिगड़ गई और उन्हें हार्ट अटैक आ गया। परिजन उन्हें तत्काल प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र धारचूला ले गए, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।
कोतवाल ललित मोहन जोशी ने बताया कि शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम कराया गया। इसके बाद शव उनके बेटे और बहू को सौंप दिया गया। परिजन अंतिम संस्कार के लिए शव लेकर पश्चिम बंगाल रवाना हो गए हैं।