एन आई एन,
पिथौरागढ़। विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर 130 इन्फैंट्री बटालियन द्वारा इन्फैंट्री ब्रिगेड और जिला प्रशासन के सहयोग से विभिन्न पर्यावरण संरक्षण एवं जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
कार्यक्रम के तहत रई गधेरा क्षेत्र में यक्षवती नदी पुनर्जीवन एवं स्वच्छता अभियान चलाया जाएगा। इस दौरान सेना के जवान, प्रशासनिक अधिकारी, स्वयंसेवक और स्थानीय नागरिक मिलकर नदी और आसपास के क्षेत्र की सफाई करेंगे। अभियान का उद्देश्य जल स्रोतों के संरक्षण तथा हिमालयी पारिस्थितिकी तंत्र के प्रति लोगों को जागरूक करना है।
इसके अलावा कैंटोनमेंट क्षेत्र, 161 मिलिट्री हॉस्पिटल और फॉरेन ट्रेनिंग नोड में व्यापक वृक्षारोपण अभियान चलाया जाएगा। इन स्थानों पर एक हजार से अधिक विभिन्न प्रजातियों के पौध लगाए जाएंगे। अभियान में सेना के जवानों के साथ स्कूली बच्चे, एनसीसी कैडेट्स और स्थानीय नागरिक भी भाग लेंगे।
बटालियन द्वारा राज्य वन विभाग के सहयोग से डॉन बॉस्को स्कूल पिथौरागढ़ में सांस्कृतिक कार्यक्रम, चित्रकला प्रतियोगिता और वृक्षारोपण कार्यक्रम का भी आयोजन किया जाएगा। इन गतिविधियों का उद्देश्य विद्यार्थियों में पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता और जिम्मेदारी की भावना विकसित करना है।
बटालियन ने बताया कि विश्व पर्यावरण सप्ताह के दौरान आयोजित होने वाले ये कार्यक्रम पर्यावरण संरक्षण, सतत विकास और जनभागीदारी के प्रति उसकी प्रतिबद्धता को दर्शाते हैं। साथ ही विभिन्न सरकारी विभागों, शैक्षणिक संस्थानों, गैर-सरकारी संगठनों और स्थानीय समुदाय के साथ बेहतर समन्वय को भी मजबूत करेंगे।