एन आई एन,
चंपावत जिले के लोहाघाट क्षेत्र में बुधवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। धारचूला से टनकपुर जा रही टनकपुर डिपो की रोडवेज बस के ब्रेक फेल होने से बस अनियंत्रित हो गई। बस में करीब 34 यात्री सवार थे। यात्रियों की जान बचाने के लिए चालक बेनीराम थ्वाल ने सूझबूझ दिखाते हुए बस को पहाड़ी से टकरा दिया।
टक्कर इतनी जोरदार थी कि ड्राइवर साइड का दरवाजा खुल गया और चालक बस से नीचे गिर गया। इसी दौरान पीछे से बस का पहिया चालक के ऊपर चढ़ गया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे में एक महिला यात्री घायल बताई गई है, जिसे उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया।

घटना लोहाघाट के रायकोट महर क्षेत्र स्थित बकरियां मंदिर के पास हुई। सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन मौके पर पहुंचा और जेसीबी की मदद से बस को हटाकर चालक के शव को बाहर निकाला गया।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार हादसे की वजह बस का ब्रेक फेल होना माना जा रहा है, हालांकि तकनीकी जांच के बाद ही वास्तविक कारण स्पष्ट हो पाएगा। घटना के बाद यात्रियों और स्थानीय लोगों में रोडवेज बसों की खराब स्थिति को लेकर नाराजगी देखने को मिली। लोगों का कहना है कि आए दिन बसों में तकनीकी खराबियां सामने आ रही हैं, जिससे यात्रियों की सुरक्षा खतरे में पड़ रही है।